Home मनोरंजन पंचायत 5 को लेकर फैंस को लगा बड़ा झटका! 2026 में नहीं...

पंचायत 5 को लेकर फैंस को लगा बड़ा झटका! 2026 में नहीं लौटेंगे सचिव जी और प्रधान जी, मेकर्स ने बताई नई बात

Panchayat Season 5 की रिलीज 2026 तक टली। प्राइम वीडियो ने किया ऐलान। जानिए सचिव जी, प्रधान जी और रिंकी की वापसी से जुड़ी पूरी जानकारी।

पंचायत

Panchayat Season 5 Update: ओटीटी की सबसे पसंदीदा वेब सीरीज में शामिल ‘पंचायत’ के चाहने वालों के लिए एक निराश करने वाली खबर सामने आई है। फुलेरा गांव के लोगों की जिंदगी और वहां की मजेदार राजनीति देखने के लिए उत्साहित दर्शकों को अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन को लेकर मेकर्स ने बड़ा अपडेट दिया है। पहले ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि यह सीरीज अक्टूबर या नवंबर 2026 तक रिलीज हो सकती है, लेकिन अब अमेजन प्राइम वीडियो ने साफ कर दिया है कि नया सीजन इस साल दर्शकों के बीच नहीं आएगा। इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस अपनी नाराजगी और निराशा जाहिर कर रहे हैं।

प्राइम वीडियो ने पोस्ट शेयर कर तोड़ी उम्मीदें

अमेजन प्राइम वीडियो ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘पंचायत 5’ को लेकर एक खास पोस्ट साझा की है। इसमें बनराकस यानी भूषण की तस्वीर के साथ सीजन की रिलीज टलने का संकेत दिया गया। पोस्ट में बताया गया कि पंचायत का अगला सीजन 2026 में रिलीज नहीं होगा। इस खबर ने उन दर्शकों को निराश कर दिया है, जो लंबे समय से सचिव जी की वापसी का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक नई रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

फिर नजर आएंगे सचिव जी और फुलेरा के पुराने चेहरे

सीरीज के अगले सीजन में एक बार फिर जितेंद्र कुमार अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी के किरदार में दिखाई देंगे। उनके अलावा नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, सानविका, फैसल मलिक और चंदन रॉय जैसे कलाकारों की वापसी की उम्मीद है। इस सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी दीपक कुमार मिश्रा ने संभाली है। फुलेरा गांव के इन किरदारों ने अपनी सादगी और शानदार अभिनय से दर्शकों के बीच खास जगह बनाई है।

सीजन 5 में खुलेंगे पिछले सीजन के कई राज

‘पंचायत 4’ के अंत में कई ऐसे सवाल छोड़ दिए गए थे, जिनके जवाब दर्शक अगले सीजन में तलाश रहे हैं। गांव की राजनीति, प्रधान पद के चुनाव का नतीजा, सचिव जी और रिंकी के रिश्ते के साथ प्रधान जी पर हुए हमले से जुड़े सवाल कहानी को आगे बढ़ाएंगे। लेखक चंदन कुमार भी पहले संकेत दे चुके हैं कि आने वाले सीजन में इन घटनाओं को आगे दिखाया जाएगा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि फुलेरा की कहानी किस नए मोड़ पर पहुंचेगी और दर्शकों को पांचवें सीजन के लिए आखिर कब तक इंतजार करना होगा।

Read more-पवन सिंह के गाने बजते ही भलूनी धाम में मचा हड़कंप! छठ के कार्यक्रम में आखिर क्यों चलीं पुलिस की लाठियां?

Exit mobile version