Home क्रिकेट इंग्लैंड ने किया बड़ा ऐलान, केविन पीटरसन को सौंपी गई खास जिम्मेदारी

इंग्लैंड ने किया बड़ा ऐलान, केविन पीटरसन को सौंपी गई खास जिम्मेदारी

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को 2027 वनडे विश्व कप तक पुरुष टीम का विशेषज्ञ मेंटर बनाया गया है। जानें उनकी नई जिम्मेदारी और पहला असाइनमेंट।

Kevin Pietersen

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) को पुरुष टीम का विशेषज्ञ मेंटर नियुक्त किया है। वह वनडे और टी20 इंटरनेशनल टीम के साथ काम करेंगे और उनकी जिम्मेदारी 2027 वनडे विश्व कप तक रहेगी। पीटरसन का पहला काम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल दौरे से शुरू होगा। इसके बाद टीम दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगी।

मैकुलम के कोचिंग स्टाफ का बनेंगे हिस्सा

केविन पीटरसन अब इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम के कोचिंग सेटअप में शामिल होंगे। इस टीम में मार्कस ट्रेस्कोथिक, टिम साउथी, सारा टेलर और जीतन पटेल जैसे नाम भी शामिल हैं। पीटरसन इससे पहले आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के साथ मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं। अपने अनुभव के जरिए वह इंग्लैंड के खिलाड़ियों को खासकर बड़े टूर्नामेंट की तैयारी में मदद करेंगे।

विश्व कप की तैयारी पर रहेगा फोकस

पीटरसन की नियुक्ति का सबसे बड़ा लक्ष्य 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी माना जा रहा है। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में खेला जाना है, जबकि जिम्बाब्वे और नामीबिया सह-मेजबान होंगे। पीटरसन अगले 12 महीनों के दौरान टीम के साथ काम करते हुए खिलाड़ियों की क्षमता को बेहतर बनाने और बड़े मुकाबलों के लिए मानसिक रूप से तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान भी वह टीम से जुड़ेंगे।

‘इंग्लैंड की जर्सी पहनना खास सम्मान’

पीटरसन ने अपनी नई भूमिका मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम की मदद करने का मौका उनके लिए गर्व की बात है। 2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड की जर्सी से दोबारा जुड़ना उनके लिए खास अनुभव होगा। उन्होंने टीम को प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से भरा हुआ बताया और कहा कि वह खिलाड़ियों की पूरी क्षमता सामने लाने के लिए मेहनत करने को तैयार हैं।

Read More-आदित्य धर के बाद वरुण धवन ने भी की ‘हनुमान अंश’ की तारीफ, फिल्म देखकर क्या बोले?

 

Exit mobile version