Home क्रिकेट 30 गेंदों का शतक और 3 बड़े रिकॉर्ड, Abhishek Sharma ने एक...

30 गेंदों का शतक और 3 बड़े रिकॉर्ड, Abhishek Sharma ने एक साथ रचा इतिहास

Abhishek Sharma ने अफगानिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने टी20 शतकों में विराट कोहली की बराबरी की और कई बड़े रिकॉर्ड बनाए।

Abhishek Sharma

Abhishek Sharma: अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 108 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर खूब सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 11 छक्के लगाए, यानी 102 रन सिर्फ बाउंड्री से आए। अभिषेक ने संजू सैमसन के साथ पहले विकेट के लिए 142 रन जोड़े। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी के कारण भारत ने पावरप्ले में 100 रन बना दिए, जो टी20 इंटरनेशनल में भारत का पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर रहा।

टी20 शतकों में कोहली के बराबर पहुंचे

अभिषेक शर्मा ने इस पारी के दौरान एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसने सीधे विराट कोहली के आंकड़े की बराबरी कर दी। टी20 क्रिकेट में अब अभिषेक के नाम 10 शतक हो गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 205 पारियों में हासिल की, जबकि विराट कोहली ने 413 पारियों में 10 टी20 शतक लगाए हैं। इस मामले में अभिषेक और कोहली संयुक्त रूप से भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा शतक लगाने वालों की सूची में हैं। केएल राहुल, संजू सैमसन और रोहित शर्मा के नाम 8-8 टी20 शतक हैं।

टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज सेंचुरी

अभिषेक की पारी का सबसे बड़ा आकर्षण उनका शतक रहा। उन्होंने केवल 30 गेंदों में सेंचुरी पूरी की और फुल मेंबर टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के नाम था, जिन्होंने 33 गेंदों में शतक लगाया था। अभिषेक ने अफगानिस्तान के खिलाफ इस सीरीज में लगातार रन बनाए। पहले मैच में 82, दूसरे में 39 और तीसरे मुकाबले में 108 रन बनाकर उन्होंने तीन पारियों में कुल 229 रन जोड़े।

सीरीज में भारत का 3-0 से क्लीन स्वीप

एक टी20 इंटरनेशनल सीरीज या टूर्नामेंट में 200 से ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में भी अभिषेक ने अपनी जगह मजबूत की है। वह इस उपलब्धि को तीसरी बार हासिल कर चुके हैं। उनसे आगे विराट कोहली हैं, जिन्होंने ऐसा पांच बार किया है। वहीं सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और ईशान किशन ने भी तीन-तीन बार 200 से ज्यादा रन बनाए हैं। मुकाबले में संजू सैमसन ने भी 50 रन की उपयोगी पारी खेली। भारत ने 221 रन बनाए, जिसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम 94 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने 127 रन से जीत दर्ज करते हुए सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।

Read More-3 बार टाइपिंग टेस्ट में फेल हुआ बाबू, बरेली DM ने सुनाया ऐसा फैसला कि मच गया हड़कंप

Exit mobile version