Home Blog PCS अफसर बताकर AAP नेता से रचाई शादी, फिर सामने आया ऐसा...

PCS अफसर बताकर AAP नेता से रचाई शादी, फिर सामने आया ऐसा राज कि पुलिस तक पहुंचा मामला

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में AAP नेता से PCS अफसर बताकर शादी करने का आरोप। महिला पर फर्जी दस्तावेज, पहचान छिपाने और जेवर लेकर फरार होने का केस दर्ज हुआ है।

AAP नेता

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से शादी के बाद कथित धोखाधड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने खुद को PCS अधिकारी बताकर आम आदमी पार्टी (AAP) नेता अमरिंदर सिंह मंडोफल से शादी की। अमरिंदर सिंह पार्टी के जॉइंट सेक्रेटरी होने के साथ जिला परिषद सदस्य और सरहिंद मार्केट कमिटी के चेयरमैन भी हैं। शादी से पहले महिला और उसके परिवार की ओर से उसके अविवाहित होने और उम्र कम होने की बात बताई गई थी। शादी के बाद अमरिंदर ने जब जानकारी जुटाई तो कई दावे संदिग्ध पाए गए।

तलाक और बेटे की जानकारी छिपाने का आरोप

अमरिंदर सिंह का आरोप है कि जांच के दौरान उन्हें पता चला कि महिला पहले से शादीशुदा रह चुकी थी और उसका 18 साल का बेटा भी है। इसके अलावा उम्र कम दिखाने के लिए दस्तावेजों में कथित तौर पर बदलाव किए जाने की बात भी सामने आई। अमरिंदर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें महिला की पहचान और पिछली जिंदगी से जुड़ी सही जानकारी नहीं दी गई। उनका दावा है कि गलत पहचान और दस्तावेजों के आधार पर शादी कराई गई।

जेवर और सामान लेकर फरार होने का भी आरोप

शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद महिला कथित तौर पर घर से कीमती जेवर और अन्य सामान लेकर चली गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने FIR नंबर 240 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला मनविंदर कौर समेत छह लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें उसका भाई तरलोचन सिंह, मां वरिंदरजीत कौर, नरिंदर सिंह गोल्डी, रूपिंदर कौर और गांव के पूर्व सरपंच सुरिंदर सिंह राणा शामिल हैं। सभी आरोपी तरनतारन जिले के सुरसिंह गांव के बताए गए हैं।

फरवरी में हुई थी शादी, कई बड़े AAP नेता पहुंचे थे

यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि शादी फरवरी 2026 में हुई थी और समारोह में आम आदमी पार्टी के कई नेता शामिल हुए थे। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और कैबिनेट मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंद समेत कई जनप्रतिनिधि शादी में पहुंचे थे। समारोह के वीडियो और तस्वीरों में नेताओं को जश्न मनाते और भांगड़ा करते देखा गया था। अब शादी के बाद लगे धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोपों ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच कर रही है।

Read more-Bigg Boss 20: पहले ‘बहन’ कहा, अब लव गिल को लेकर बदली स्काउट की फीलिंग्स? इशारों में कही ये बात

Exit mobile version