घर को खूबसूरत बनाने के लिए लोग तरह-तरह की तस्वीरें और सजावटी चीजें लगाते हैं, लेकिन कई बार यही सजावट अनजाने में नकारात्मक प्रभाव भी डाल सकती है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में रखी हर वस्तु ऊर्जा को प्रभावित करती है। यदि कोई तस्वीर गलत चयन या गलत दिशा में लगाई गई हो, तो यह सुख-शांति और आर्थिक स्थिति पर असर डाल सकती है। इसलिए जरूरी है कि घर सजाते समय वास्तु के कुछ सरल नियमों का ध्यान रखा जाए।
हिंसक और डरावनी तस्वीरें बढ़ा सकती हैं तनाव
घर में कभी भी ऐसी तस्वीरें नहीं लगानी चाहिए जो डर या हिंसा को दर्शाती हों। जैसे शेर का शिकार करते हुए दृश्य, सांप, अजगर या भेड़िए की आक्रामक तस्वीरें। ऐसी तस्वीरें घर के वातावरण में बेचैनी और तनाव बढ़ा सकती हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि इनसे परिवार के सदस्यों के स्वभाव में भी चिड़चिड़ापन आ सकता है, जिससे आपसी संबंध प्रभावित होते हैं।
युद्ध और कांटेदार पौधों की तस्वीरें देती हैं नकारात्मक संकेत
लड़ाई-झगड़े या युद्ध से जुड़ी तस्वीरें, जैसे किसी ऐतिहासिक युद्ध का दृश्य, घर में कलह का कारण बन सकती हैं। इससे परिवार में विवाद बढ़ने की संभावना रहती है और मानसिक शांति भंग होती है। वहीं कांटेदार पौधों की तस्वीरें भी नकारात्मक मानी जाती हैं। ऐसी छवियां घर में प्रवेश करते ही असहजता और नकारात्मक सोच को बढ़ावा दे सकती हैं, जिससे वातावरण भारी महसूस होता है।
सूर्यास्त और नटराज की तस्वीरों से जुड़ी मान्यताएं
वास्तु के अनुसार सूर्यास्त की तस्वीरें घर में नहीं लगानी चाहिए, क्योंकि इन्हें ठहराव और गिरावट का प्रतीक माना जाता है। ऐसी तस्वीरें तरक्की में बाधा डाल सकती हैं और जीवन में निराशा ला सकती हैं। इसी तरह नटराज की तस्वीर या प्रतिमा को भी घर के अंदर लगाने से बचने की सलाह दी जाती है। मान्यता है कि इससे अस्थिरता और विवाद बढ़ सकते हैं। इसलिए घर में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने के लिए इन तस्वीरों से दूरी रखना बेहतर माना जाता है।
