Home राजनीति दीया मिर्जा के वीडियो पर क्यों मचा विवाद? CM फडणवीस ने हाई...

दीया मिर्जा के वीडियो पर क्यों मचा विवाद? CM फडणवीस ने हाई कोर्ट की ‘फटकार’ पर कही ये बात

दीया मिर्जा का दीपावली पर पटाखे न फोड़ने की अपील वाला वीडियो हटाए जाने पर CM देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी। जानिए हाई कोर्ट और बीएमसी को लेकर उन्होंने क्या कहा।

दीया मिर्जा

दीपावली पर पटाखे न फोड़ने की अपील करने वाली अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो बीएमसी के सोशल मीडिया अकाउंट से हटाए जाने का मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि हाई कोर्ट ने किसी को फटकार नहीं लगाई। उनके मुताबिक, जब यह मामला अदालत तक पहुंचा ही नहीं था, तो फटकार दिए जाने की बात कैसे कही जा सकती है? फडणवीस ने वीडियो हटाने के फैसले को बीएमसी का अधिकार बताते हुए इसे कोई बड़ा मुद्दा मानने से भी इनकार किया।

CM फडणवीस बोले- पोस्ट हटाना बीएमसी का अधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सोशल मीडिया अकाउंट को संभालने वाले व्यक्ति या संस्था को यह तय करने का अधिकार है कि कौन-सी पोस्ट रखनी है और किसे हटाना है। बीएमसी ने भी अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हुए वीडियो हटाया। दीया मिर्जा को सम्मानित अभिनेत्री बताते हुए फडणवीस ने कहा कि वह कोई बड़ी राजनीतिक नेता नहीं हैं और यह ऐसा विषय नहीं है, जिस पर मुख्यमंत्री स्तर पर चर्चा की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हाई कोर्ट की ओर से किसी को फटकार लगाए जाने की बात सही नहीं है।

क्या था दीया मिर्जा के वीडियो में?

बीएमसी ने 1 नवंबर को अपने जागरूकता अभियान के तहत दीया मिर्जा का वीडियो पोस्ट किया था। इसमें अभिनेत्री ने लोगों से दीपावली पर पर्यावरण और स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा पटाखों से होने वाले प्रदूषण को कम करने की अपील की थी। वीडियो पोस्ट होने के कुछ घंटे बाद मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा कि लोगों को दीया मिर्जा से दीपावली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। इसके बाद बीएमसी ने वीडियो हटा दिया। गौरतलब है कि इसी अभियान में माधुरी दीक्षित, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और निशिगंधा वाड के वीडियो भी शामिल थे, लेकिन वे सोशल मीडिया पर बने रहे।

हाई कोर्ट की टिप्पणी और दीया मिर्जा का जवाब

वीडियो हटाए जाने के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट की पीठ ने राजनीतिक टिप्पणियों पर नाराजगी जताई थी और भारत के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप की याद दिलाई थी। अदालत ने बीएमसी को दीया का वीडियो दोबारा पोस्ट करने का निर्देश दिया। वहीं, दीया मिर्जा ने कहा था कि उनका वीडियो अदालत और बीएमसी के निर्देशों के अनुरूप जागरूकता फैलाने के लिए बनाया गया था। उन्होंने वायु प्रदूषण को गंभीर चिंता बताते हुए कहा कि इसे कम करने की कोशिशों का समर्थन किया जाना चाहिए। अभिनेत्री के मुताबिक, वह करीब एक दशक से पर्यावरण और हवा की गुणवत्ता से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही हैं।

Read More-सुप्रीम कोर्ट में प्रदर्शन पर सुनवाई के दौरान क्यों भड़के CJI सूर्यकांत? वकील से बोले- ‘कोर्ट को मछली बाजार समझ रखा है?’

Exit mobile version