Home राजनीति UP Election 2027: चंद्रशेखर आजाद ने फूंका चुनावी बिगुल, जारी की 45...

UP Election 2027: चंद्रशेखर आजाद ने फूंका चुनावी बिगुल, जारी की 45 उम्मीदवारों की पहली सूची

UP Election 2027: चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने 45 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए। जानिए पार्टी की नई रणनीति और चुनावी तैयारियों की पूरी जानकारी।

चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad)

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (ASP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए 45 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने इन नामों को प्रभारी के रूप में जारी किया है, लेकिन साफ कर दिया है कि यही प्रभारी आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार होंगे। इस घोषणा के साथ ही आजाद समाज पार्टी ने प्रदेश की चुनावी राजनीति में अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज करा दी है।

पार्टी की रणनीति बहुजन समाज पार्टी (BSP) के मॉडल से मिलती-जुलती दिखाई दे रही है। जिस तरह बसपा पहले विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त करती है और बाद में वही चुनाव लड़ते हैं, उसी तरह आजाद समाज पार्टी ने भी अपनी संगठनात्मक व्यवस्था तैयार की है। पार्टी का मानना है कि समय से उम्मीदवार घोषित करने से उन्हें क्षेत्र में काम करने, संगठन को मजबूत करने और मतदाताओं तक पहुंच बनाने का पर्याप्त समय मिलेगा। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह फैसला आगामी चुनाव को देखते हुए एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।

घोषित उम्मीदवारों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं। शामली जिले की थाना भवन विधानसभा सीट से मोहम्मद मौसम राव को जिम्मेदारी दी गई है। मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट से चौधरी रंजनवीर को मैदान में उतारा गया है। मेरठ जिले में पार्टी ने किठौर से बाबर चौहान, मेरठ कैंट से संजीव पाल और मेरठ शहर से बदर अली को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा हापुड़ विधानसभा सीट से वीरेंद्र शिरीष को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी का फोकस उन क्षेत्रों पर अधिक दिखाई दे रहा है, जहां उसका संगठन पहले से सक्रिय है और सामाजिक आधार मजबूत माना जाता है।

वहीं, ब्रज क्षेत्र में भी पार्टी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश की है। हाथरस विधानसभा सीट से आदित्य प्रकाश वर्मा और सिकंदरा राऊ सीट से बिजेंद्र सिंह यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। मथुरा जिले की गोवर्धन विधानसभा सीट से दीपक चौधरी को टिकट दिया गया है। पार्टी का कहना है कि आने वाले समय में अन्य सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी। चंद्रशेखर आजाद लगातार प्रदेशभर में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। ऐसे में शुरुआती चरण में 45 उम्मीदवारों की घोषणा को चुनावी तैयारी का बड़ा संकेत माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी महीनों में आजाद समाज पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को किस तरह आगे बढ़ाती है और प्रदेश की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ पाती है।

Read More-डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा क्या किया कि गाजा में हथियार डालने को तैयार हुआ हमास? कर दिया बड़ा ऐलान

 

 

 

Exit mobile version