Home राजनीति सपा की पहली लिस्ट आते ही कांग्रेस में बढ़ी नाराजगी! इमरान मसूद...

सपा की पहली लिस्ट आते ही कांग्रेस में बढ़ी नाराजगी! इमरान मसूद बोले- ‘अब राहुल गांधी आएंगे…’, गठबंधन पर उठाए बड़े सवाल

सपा की पहली उम्मीदवार सूची पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद नाराज हो गए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का जिक्र करते हुए गठबंधन और सीट बंटवारे पर उठाए सवाल।

इमरान मसूद

UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही थी, लेकिन इसी बीच सपा ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। सपा के इस फैसले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है तो फिर उम्मीदवारों की घोषणा करने की जल्दबाजी क्यों दिखाई गई? उनके बयान के बाद यूपी की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।

सपा की उम्मीदवार सूची पर भड़के इमरान मसूद

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के फैसले पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों के बीच बातचीत चल रही थी, ऐसे में उम्मीदवारों की घोषणा करना समझ से बाहर है। उन्होंने सवाल किया कि सपा आखिर बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहती है या कांग्रेस के खिलाफ? मसूद ने यह भी कहा कि कांग्रेस किसी की मेहरबानी का इंतजार नहीं कर रही है। उन्होंने साफ किया कि सपा की घोषणा से कांग्रेस की रणनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। अब पार्टी अपने वरिष्ठ नेतृत्व से चर्चा करने के बाद ही आगे का फैसला करेगी।

 ‘अब राहुल गांधी आएंगे, प्रियंका गांधी आएंगी’, इमरान मसूद ने दिया बड़ा बयान

इमरान मसूद ने अपने बयान में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आएंगे और पार्टी नेतृत्व जो निर्देश देगा, कांग्रेस उसी के अनुसार आगे बढ़ेगी। उन्होंने गठबंधन की बातचीत में गंभीरता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ बैठकें हो रही थीं और दूसरी तरफ उम्मीदवार घोषित किए जा रहे थे। मसूद के मुताबिक, कांग्रेस अब अपने भीतर इस बात पर चर्चा करेगी कि सपा के साथ आगे बातचीत जारी रखनी चाहिए या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन को लेकर फैसला कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व करेगा।

सपा ने पांच सीटों पर उतारे उम्मीदवार, कांग्रेस मांग रही ज्यादा सीटें

दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। दोनों दलों के नेताओं के बीच हाल ही में बैठकें भी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस इससे अधिक सीटों की मांग कर रही है। इसी बीच सपा ने अपनी पहली सूची में बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर देहात से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति सिंह लोधी को उम्मीदवार बनाया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या उम्मीदवारों की घोषणा के बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन की बातचीत आगे बढ़ पाएगी या यूपी में विपक्षी एकता को नया झटका लगेगा?

Read More-देव दीपावली से ठीक पहले गुपचुप काशी पहुंचे अनंत अंबानी, बाबा विश्वनाथ के दरबार में चढ़ाई इतनी बड़ी रकम कि जानकर हर कोई रह गया दंग!

Exit mobile version