Home खेल टीम इंडिया के स्वागत को तैयार मुंबई, वानखेड़े में होगा भव्य सम्मान...

टीम इंडिया के स्वागत को तैयार मुंबई, वानखेड़े में होगा भव्य सम्मान समारोह, जानें कब होगी विक्ट्री परेड

टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद Team India की विक्ट्री परेड को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। खिलाड़ी पहले पीएम मोदी से दिल्ली में मिल सकते हैं और फिर मुंबई के मरीन ड्राइव पर भव्य रोड शो होने की संभावना है।

Team India

Team India: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार जीत दर्ज करने के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल बना हुआ है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया और क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया। इस जीत के बाद अब फैंस उस खास पल का इंतजार कर रहे हैं जब चैंपियन टीम इंडिया मुंबई की सड़कों पर विक्ट्री परेड करेगी। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अभी तक इस परेड की आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। माना जा रहा है कि यह भव्य कार्यक्रम 11 या 12 मार्च के आसपास आयोजित किया जा सकता है।

दिल्ली में पीएम मोदी से मिल सकते हैं खिलाड़ी

रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय क्रिकेट टीम सबसे पहले दिल्ली पहुंचेगी, जहां खिलाड़ियों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हो सकती है। यह मुलाकात प्रधानमंत्री आवास पर होने की संभावना जताई जा रही है। फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए टीम इंडिया को बधाई दी थी और इसे पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया था। ऐसे में माना जा रहा है कि दिल्ली में खिलाड़ियों का विशेष सम्मान किया जा सकता है। इस मुलाकात के बाद टीम इंडिया मुंबई के लिए रवाना होगी, जहां फैंस के लिए खास विक्ट्री परेड आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है।

मुंबई में निकलेगा भव्य ओपन-बस रोड शो

दिल्ली से लौटने के बाद टीम इंडिया मुंबई पहुंचेगी, जहां पारंपरिक अंदाज में भव्य रोड शो आयोजित होने की उम्मीद है। आमतौर पर ऐसी विक्ट्री परेड मुंबई के प्रसिद्ध मरीन ड्राइव इलाके में होती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह रोड शो नरीमन पॉइंट स्थित एनसीपीए (नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स) के पास से शुरू हो सकता है और इसका समापन ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में होगा। ओपन-बस में सवार होकर खिलाड़ी फैंस का अभिवादन करेंगे और रास्ते भर लाखों क्रिकेट प्रेमी अपने चहेते सितारों की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर उमड़ सकते हैं। पिछले अनुभवों को देखते हुए यह परेड शाम करीब 5 बजे शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें शामिल हो सकें।

वानखेड़े स्टेडियम में होगा सम्मान समारोह

विक्ट्री परेड के बाद वानखेड़े स्टेडियम में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किए जाने की भी संभावना है। इस कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट बोर्ड द्वारा खिलाड़ियों और टीम के सपोर्ट स्टाफ को सम्मानित किया जा सकता है। साथ ही टीम को घोषित की गई इनामी राशि भी सौंपी जा सकती है। मुंबई में होने वाली ऐसी विक्ट्री परेड का नजारा हमेशा ऐतिहासिक रहा है, जब हजारों-लाखों फैंस सड़कों पर उतरकर अपने चैंपियन खिलाड़ियों का स्वागत करते हैं। इस बार भी उम्मीद की जा रही है कि टीम इंडिया के स्वागत के लिए मुंबई की सड़कें एक बार फिर ‘नीले समंदर’ में बदल जाएंगी और क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह पल यादगार बन जाएगा।

Read More-भारत की जीत के बाद अमिताभ बच्चन का ‘टोटका’ फिर चर्चा में, बोले– कहा था मैच नहीं देखूंगा तो जीत जाएंगे!

 

 

Exit mobile version